आवारा सांड का कहर: 60 वर्षीय महिला को उठाकर पटका, पेट में गंभीर चोट

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना में शुक्रवार को आवारा सांड के हमले से 60 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सांड ने महिला को जोरदार टक्कर मारने के बाद उठाकर जमीन पर पटक दिया। हादसे में महिला के पेट में गंभीर चोट आई। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार गांव सुन्ना निवासी वीरेंद्र उपाध्याय की 60 वर्षीय पत्नी नरेश देवी घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान पास में दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। अचानक एक सांड बेकाबू होकर नरेश देवी की ओर दौड़ा और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सांड ने महिला को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल नरेश देवी को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।

महिला के पोते अभय हुड्डा ने बताया कि घटना अचानक हुई। दो सांडों की लड़ाई के दौरान एक सांड ने उनकी दादी को टक्कर मारकर जमीन पर पटक दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में आवारा पशुओं को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि खुले में घूम रहे आवारा सांड आए दिन लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।

error: Content is protected !!