
पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, हाथ टूटा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला मुस्तफाबाद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक का हाथ टूट गया। घायल युवक ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला मुस्तफाबाद निवासी सरवर पुत्र हारून का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमलावर ने उस पर लाठी-डंडों से वार किए, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। पीड़ित किसी तरह हमलावर से बचकर अपने परिजनों के पास पहुंचा और उन्हें आपबीती सुनाई।परिजन घायल सरवर को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। इसके बाद पीड़ित ने कांधला थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की गई है। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के संबंध में आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।