
विदेशी धरती पर लहराया तिरंगा, कांधला के नुकुल पंवार ने जीता नेशनल खिताब
* न्यूयॉर्क में लहराया जीत का परचम, सभी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर जीता पहला स्थान; गांव कनियान में जश्न का माहौल
*
. सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कहते हैं कि हुनर किसी पहचान का मोहताज नहीं होता, और इसे सच कर दिखाया है कांधला क्षेत्र के गांव कनियान के होनहार खिलाड़ी नुकुल पंवार ने। अमेरिका के न्यूयॉर्क में आयोजित प्रतिष्ठित नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए नुकुल ने सभी मुकाबले जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल भारत बल्कि जनपद शामली और कांधला का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया।
नुकुल के पिता अमरपाल सिंह ने बताया कि ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद तीन वर्ष पूर्व उनका बेटा अमेरिका चला गया था। वर्तमान में वह न्यूयॉर्क सिटी के एक निजी स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर एवं ताइक्वांडो कोच के रूप में कार्यरत हैं। बच्चों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ वह स्वयं भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
हाल ही में आयोजित नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में नुकुल ने अपने दमदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए एक-एक प्रतिद्वंद्वी को मात दी और राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उनकी जीत के साथ भारतीय समुदाय में भी खुशी की लहर दौड़ गई।
जैसे ही इस बड़ी सफलता की खबर गांव कनियान पहुंची, पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया। पिता अमरपाल सिंह ने ग्रामीणों और शुभचिंतकों का मुंह मीठा कराया। ग्रामीणों ने कहा कि नुकुल ने विदेश की धरती पर भारत का मान बढ़ाया है और यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि प्रतिभाओं को सही मंच और सहयोग मिले, तो कांधला की धरती से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल सकते हैं। नुकुल पंवार की यह ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने का नया हौसला देगी।