
हर बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प, भाजपा बैठक में बनी नई रणनीति”
* 2027 की तैयारी का बिगुल! कांधला में भाजपा की हुंकार’हर बूथ होगा मजबूत, हर घर तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं'”
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला, नगर स्थित भाजपा मंडल कार्यालय पर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक जोश का केंद्र बन गया, जहां आयोजित मासिक बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पार्टी को मजबूत करने का मंत्र दिया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. रामजीलाल कश्यप ने साफ संदेश दिया कि “भाजपा की जीत की नींव बूथ पर खड़ा कार्यकर्ता है”, इसलिए हर कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
स्टेट बैंक के निकट स्थित मंडल कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष डॉ. रामजीलाल कश्यप एवं मंडल प्रभारी शक्ति सिंह मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष का फूलमालाओं और पुष्पगुच्छ से जोरदार स्वागत कर की गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब केवल बैठकों का दौर नहीं, बल्कि बूथों पर सक्रियता दिखाने का समय है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने, डिजिटल लर्निंग अभियान को गांव-गांव तक फैलाने और प्रत्येक माह प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों पर भी गहन मंथन हुआ। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नामित सभासद अलका चौहान, रवि नामदेव, अशोक चौहान, दीपक गुप्ता, सतवीर, संदीप सैनी, संजय मित्तल, जनेश्वर चौहान, हरिमोहन चौहान, बदरू जमा, राजीव शर्मा, देवी चंद बिरला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।