व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान पर मंथन, संगठन ने सरकार के सामने रखीं बड़ी मांगें

 

* व्यापारियों की आवाज़ अब सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचेगी: कांधला में उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में उठीं बीमा, पेंशन और बिजली राहत की बड़ी मांगें

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। नगर के दिल्ली नेशनल हाईवे स्थित आत्माराम पेट्रोल पंप के सभागार में मंगलवार को संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर के व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की हर समस्या को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने की, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष पवन कंसल ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन प्रत्येक वर्ष प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और मांगों को एकत्र करता है ताकि उन्हें सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी आगामी तीन माह के भीतर पूरे प्रदेश का भ्रमण पूरा किया जाएगा। इसके बाद 1 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं और मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं बल्कि उनके समाधान तक लगातार प्रयास करना है।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने कई महत्वपूर्ण मांगें प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखीं। इनमें व्यापारी दुर्घटना बीमा की राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये किए जाने, व्यापारियों के लिए अलग से पेंशन योजना लागू करने, एक प्रतिष्ठान पर एक ही बिजली कनेक्शन की व्यवस्था लागू करने, बिजली की बढ़ती दरों में राहत देने तथा प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में व्यापारियों को विशेष बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रही।

प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार के समक्ष इन सभी मांगों को मजबूती के साथ रखा जाएगा और व्यापारियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान संगठन की नई नगर कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। विकास जैन को नगर अध्यक्ष, डॉ. रश्मिकांत जैन को जिला उपाध्यक्ष, दीपक गुप्ता को नगर मंत्री तथा अरविंद कंसल को नगर महामंत्री मनोनीत किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित व्यापारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

युवा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित कुमार गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग को प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। बैठक में जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, लोकेश गोयल, डॉ. विक्रम सैनी, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, सिद्धार्थ जैन, कमल चावला, विपिन गोयल, सर्वेश वर्मा, मेहरचंद सिंघल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

बैठक का समापन व्यापारियों की एकजुटता और उनके अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि यदि व्यापारियों की जायज मांगों पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करता रहेगा।

error: Content is protected !!