
सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भारसी में सरकारी बंजर भूमि पर कथित अवैध कब्जे की कोशिश को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मामले में पीड़ित ग्रामीण दीपक ने मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक यादव से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती पत्र सौंपा।
पीड़ित दीपक का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लंबे समय से सरकारी बंजर भूमि पर कब्जा करने की फिराक में हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में वह पहले भी कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुका है, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर दबंगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।मंगलवार को मामला उस समय गरमा गया, जब आरोपित दबंग कथित रूप से बंजर भूमि पर कब्जा करने की नीयत से वहां ईंटें डलवाने पहुंच गए। सूचना मिलते ही शिकायतकर्ता दीपक ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही कब्जे की कोशिश कर रहे लोग वहां से पीछे हट गए और ईंटें नहीं डलवा सके।पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व विभाग की टीम भेजकर मौके की पैमाइश कराई जाए, सरकारी बंजर भूमि को कब्जा मुक्त कर सुरक्षित कराया जाए तथा अवैध कब्जे का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की घटनाएं बढ़ सकती हैं। वहीं प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।