बंदरों के हमले से महिला गंभीर घायल, ग्रामीणों में दहशत, कार्रवाई की मांग तेज

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव ब्रह्मखेड़ा में सोमवार को बंदरों का बढ़ता आतंक एक बार फिर इंसानी सुरक्षा पर भारी पड़ गया। घर के आंगन में आराम कर रही संजीदा नामक महिला पर अचानक बंदरों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। देखते ही देखते बंदरों ने महिला के सिर और हाथों पर कई जगह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बंदरों को भगाकर उनकी जान बचाई।

घायल महिला को आनन-फानन में कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, संजीदा घर का काम निपटाने के बाद आंगन में बैठी थीं। इसी दौरान बंदरों का झुंड घर में घुस आया और बिना किसी उकसावे के उन पर टूट पड़ा। महिला के पुत्र शाहरुख ने बताया कि बंदरों ने उनकी मां के सिर और हाथों पर कई जगह काट लिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद वन विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिल सके।

इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

error: Content is protected !!