
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत वार्ड-7 को किया गया स्वच्छ
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान वार्ड नंबर-7 में नगरपालिका परिषद द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कराई गई तथा मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही फॉगिंग कराकर क्षेत्र को मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया।
नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरे नगर में नियमित रूप से साफ-सफाई, एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, स्वच्छता बनाए रखने तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की। स्थानीय लोगों ने भी मोहल्ले में कराए गए सफाई अभियान का स्वागत करते हुए इसे जनहित में सराहनीय कदम बताया।