एमडीए की कार्रवाई से मचा हड़कंप, अवैध निर्माण ध्वस्त!
कैराना। नगर के मुख्य मार्ग पर लगभग 14 बीघा भूमि में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) विभाग की टीम ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। प्राधिकरण की कार्रवाई से कॉलोनी संचालकों एवं आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मंगलवार की दोपहर नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित पानीपत अंडरपास के निकट भूमि पर अय्यूब खान पुत्र अहमद खान एवं मुकरीम खान डीलर द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के अवैध रूप से कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मामले का संज्ञान लेते हुए मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण व तहसील की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माणों को चिन्हित कर बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कॉलोनी में बनाए गए अवैध रास्तों, प्लॉटिंग संबंधी संरचनाओं एवं अन्य निर्माणों को हटवाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना प्राधिकरण की अनुमति के विकसित की जाने वाली कॉलोनियों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के समय तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान व एमडीए के कनिष्ठ अभियंता (जेई) जगदेव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।