रंजिश में गई मजदूर की जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

* पुरानी रंजिश ने छीना घर का सहारा: ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत, चार आरोपी हिरासत मे

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव किवाना में पुरानी रंजिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ट्रैक्टर से कुचलकर गंभीर रूप से घायल किए गए 30 वर्षीय प्रदीप ने मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दो दिन बाद दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

परिजनों के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से प्रदीप को ट्रैक्टर से कुचल दिया। गंभीर हालत में उसे तत्काल मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

मृतक प्रदीप अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर पत्नी, दो छोटे बच्चों, बुजुर्ग मां, एक भाई और तीन बहनों का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पुलिस ने नामजद आरोपी सुनील, दीपक, ऋतिक और गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, परिजनों ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और परिवार के भरण-पोषण के लिए सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

error: Content is protected !!