
“शिक्षा का उपहार: डॉक्टर दंपति ने सैकड़ों बच्चों को बांटी ड्रेस व किताबें”
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। क्षेत्र के गांव नाला स्थित महर्षि कश्यप इंटर कॉलेज में गुरुवार को शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां डॉक्टर दंपति ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ड्रेस एवं किताबों का वितरण किया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधक के पुत्र डॉ. सुमित (एमबीबीएस, एमडी) एवं उनकी धर्मपत्नी तन्वी ने सर्व शिक्षा अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा दान है और जरूरतमंद बच्चों को शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. सुमित ने कहा कि ड्रेस और किताबों की कमी के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य अंकुर कुमार कश्यप ने किया। उन्होंने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए डॉक्टर दंपति का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व अध्यक्ष बाबूराम, वर्तमान अध्यक्ष केसोराम, कोषाध्यक्ष बाबूराम चतुर्थ, कर्मचारी राजेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
इस नेक कार्य की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है और लोगों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।