
बस स्टैंड बना जाम का जंजाल पुलिस गायब, जनता बेहाल!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। रविवार को कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड का नज़ारा किसी बड़े मेले से कम नहीं था लेकिन फर्क इतना कि यहां लोग घूमने नहीं, जाम में फंसने आए थे! सुबह से दोपहर तक बसों, ऑटो, ई-रिक्शों, ठेलों और बाइकों का ऐसा जमावड़ा लगा कि सड़कें पूरी तरह ठप हो गईं।लोगों की हालत ये थी कि कोई बस में पसीना पोंछ रहा था, कोई रिक्शे से उतरकर पैदल निकलने की कोशिश कर रहा था। दुकानों के सामने तक वाहनों की कतारें लग गईं।सबसे बड़ी बात पुलिस पूरी तरह नदारद! ना कोई ट्रैफिक सिपाही, ना कोई व्यवस्था। हालत इतनी बदतर हो गई कि लोगों को खुद ही रास्ता साफ़ करना पड़ा।राहगीर ने बताया“हर हफ्ते यही होता है, लेकिन आज तो हद ही हो गई! पुलिस सिर्फ चालान करने आती है, ट्रैफिक संभालने नहीं।”कुछ यात्रियों ने गुस्से में कहा कि बसें जाम में फंसकर घंटों देरी से चलीं, कई लोगों के जरूरी काम छूट गए। कांधला का दिल्ली बस स्टैंड बना जाम का नया अड्डा प्रशासन मौन, जनता त्रस्त, ट्रैफिक व्यवस्था अस्त-व्यस्त!