
भव्य जलाभिषेक और भंडारा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा कुत्तान स्थित शिव धाम मंदिर में सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे और मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज़ से आए भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर के पास के मैदान में लगे मेले में बच्चों के लिए झूले, खेलकूद कार्यक्रम और मनोरंजन के विविध साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे।
इस अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति में रवि चौहान (अध्यक्ष), प्रदीप चौहान (उपाध्यक्ष), श्रवण कुमार (कोषाध्यक्ष), प्रताप सिंह (सचिव), मास्टर सुनील कुमार, कृष्णपाल चौहान, देवी सिंह, राजवीर सिंह और मोनू पंडित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया और इसे शिव भक्तों की गहरी आस्था और एकता का प्रतीक बताया।