
नशे में धुत युवक पूर्वी यमुना नहर में गिरा राहगीर समीर ने दिखाई बहादुरी, बचाई जान!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में एक युवक पूर्वी यमुना नहर में गिर गया। नशे की हालत में गिरे युवक को एक राहगीर ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए नहर से बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ला रायजादगान निवासी संदीप पुल पर बैठा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नहर में जा गिरा। मौके पर मौजूद बिजली घर मार्ग निवासी समीर ने बिना देर किए नहर में छलांग लगाकर संदीप को बाहर निकाला।
घटना की सूचना तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल संदीप को कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी सिना ने बताया कि युवक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया हुआ था। नशे की हालत में ही यह हादसा हुआ। यदि समय रहते मदद न मिलती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने समीर की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की।