
बाइक और कोल्हू में जबरदस्त भिड़ंत, चार लोग घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के जसाला मार्ग पर रविवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक और सड़क किनारे लगे गन्ने के कोल्हू की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे में शामली निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्य और कोल्हू संचालक घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार जसाला मार्ग पर रॉयल फ्लेक्स मैरिज होम के पास पहुंचा ही था कि अचानक बाइक असंतुलित होकर गन्ने के कोल्हू से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि कोल्हू संचालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घायलों की पहचान वर्दान, उनकी मां रचना देवी, बहन किरण (निवासी शामली) और कोल्हू चालक खुर्शीद पुत्र मारूफ (निवासी बलवा गांव) के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार बागपत से रिश्तेदारी निभाकर लौट रहा था।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
डॉ. वीरेन्द्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, ने बताया — “सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। आवश्यकता पड़ने पर आगे रेफर किया जाएगा।” स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे लगे खतरनाक कोल्हू व अन्य बाधाओं को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।