मामूली कहासुनी बनी बवाल लाठी-डंडों से हुई मारपीट, चार लोग घायल

 

सादिक सिद्दीक़ी,

कांधला। कस्बे की रेल मंडी क्षेत्र में रविवार की शाम मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए और माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। मारपीट में चार लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कांधला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मोनू को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।घायलों में एक पक्ष से राजू और उसका बेटा मोनू, जबकि दूसरे पक्ष से शिवम, ओम और हरिओम घायल हुए हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मोनू के सिर पर गंभीर चोट आई है।घायल मोनू के पिता राजू ने आरोप लगाया कि शिवम शराब के नशे में लाठी-डंडों से हमला करता है और अक्सर मोहल्ले में गाली-गलौज कर झगड़ा करता है। राजू ने बताया “शिवम नशे की हालत में मेरे बेटे पर हमला कर दिया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई और मेरा एक दांत टूट गया। अब हद पार हो चुकी है।”

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया “दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!