
बाइक और कार की भीषण टक्कर, युवक गंभीर घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। जसाला बस स्टैंड के पास हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सूर्यकांत पुत्र चरण सिंह निवासी गांव हसनपुर पक्की गढ़ी, जनपद शामली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूर्यकांत अपने मामा के घर बड़ौत (जिला बागपत) से वापस शामली लौट रहा था। जसाला बस स्टैंड के पास सड़क किनारे खड़ी एक सेंट्रो कार से बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सूर्यकांत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने घायल को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर रवि ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद सिर और शरीर में गंभीर चोटों के चलते शामली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना कांधला प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि फिलहाल हादसे के संबंध में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, और तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड के पास अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।