IMG-20260106-WA0003

 

कैराना (शामली): ग्राम तीतरवाड़ा में युवक पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी विपिन शर्मा की अगुवाई में चलाए गए अभियान में आरोपी सूफियान को बुच्चाखेड़ी के जंगल से दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

घटना 31 दिसंबर की बताई जा रही है। उस दिन सरवर उर्फ कल्लू निवासी ग्राम तीतरवाड़ा अपने भाई नदीम और साथी मुनव्वर के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही सावेज, सूफियान और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति बाइक पर सवार होकर पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने कार में बाइक से टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने सरवर उर्फ कल्लू पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। एक गोली सरवर के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैराना पर मुकदमा दर्ज किया और उनकी तलाश में कई टीमें गठित कीं।

एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश में चारों ओर दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में चौकी प्रभारी विपिन शर्मा ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सूफियान को बुच्चाखेड़ी के जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!