कैराना। सोमवार को जिलाधिकारी अरविन्द चौहान एवं पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने ऊंचागांव स्थित निर्माणाधीन पीएसी वाहिनी कैम्प का निरीक्षण किया। यह परियोजना 233.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है, जिसमें आवासीय और अनावासीय भवनों का निर्माण शामिल है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। परियोजना के तहत 16 अगस्त 2024 को निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था, जिसे निर्माण एजेंसी को 15 अगस्त 2025 तक पूर्ण करना है। डीएम ने टाइप-5 बिल्डिंग, बी-2 बिल्डिंग, बैरक-300 बिल्डिंग तथा प्रयोगशाला भवन का स्थलीय निरीक्षण किया।
कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रोजेक्ट मैनेजर सूबेदार सिंह यादव ने थ्री-डी मॉडल की मदद से डीएम और एसपी को परियोजना की वर्तमान स्थिति और भविष्य की रूपरेखा से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जाँच की, जो संतोषजनक पाई गई।
साइट बुक के निरीक्षण के दौरान पाई गई कुछ त्रुटियों पर उन्होंने निर्माण संस्था को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। डीएम चौहान ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता में कोई समझौता न किया जाए, सभी त्रुटियों को शीघ्रता से दूर कर निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने भवनों की टेस्ट रिपोर्ट, निर्माण सामग्री का विवरण तथा थर्ड पार्टी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, सहायक अभियंता सुनील कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

