IMG-20260104-WA0007

 

कैराना। कोतवाली पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 20 मोटरसाइकिलें, एक बाइक के पार्ट्स और आठ फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की हैं। मामले का खुलासा जिला पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन पर शनिवार की रात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री के नेतृत्व में चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन चोरी में लिप्त दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने कस्बे के भूरा राजबाहे की पटरी पर स्थित बंद पड़ी पटाखा फैक्ट्री से चोरी की गई 20 बाइकों को बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान अंसारी उर्फ भूरा, निवासी ग्राम टांडा थाना छपरौली, मूल निवासी मोहल्ला कोठला थाना झिंझाना, और मोहम्मद शकील, निवासी ग्राम टांडा थाना छपरौली, जिला बागपत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से कैराना सहित आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

एसपी शामली ने बताया कि बरामद 20 बाइकों में से तीन बाइक कैराना क्षेत्र से चोरी की गई थीं, जबकि बाकी वाहन आसपास के जनपदों से चोरी हुए थे। पकड़े गए दोनों अपराधियों के खिलाफ अब तक 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और वाहन खरीदने-बेचने के नेटवर्क की जांच कर रही है।

एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह ने मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करने वाली पुलिस टीम को ₹25,000 नकद इनाम देने की घोषणा की है।

 

error: Content is protected !!