कैराना। कोतवाली कैराना पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 205 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
शनिवार की रात्रि डीआईजी सहारनपुर के कुशल नेतृत्व में परिक्षेत्र में मादक पदार्थों, नशे के अवैध कारोबार तथा प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए ‘ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर’ नामक विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में कोतवाली कैराना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को गांव भूरा में स्थित पेट्रोल पंप के सामने से जंधेड़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोककर पूछताछ करने और तलाशी लिए जाने पर उसके कब्जे से 205 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके पर बरामदगी से संबंधित कागजी कार्यवाही पूर्ण की गई।
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी ने अपना नाम नौशाद निवासी ग्राम भूरा, थाना कैराना बताया। प्राथमिक पूछताछ में नौशाद ने बरामद गांजे के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त मानते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
कैराना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


