सहारनपुर। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन ने शुक्रवार को थाना देवबंद स्थित मिशन शक्ति केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र में संचालित गतिविधियों, महिलाओं के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं एवं शिकायत निस्तारण की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।
एसपी ग्रामीण ने मिशन शक्ति केन्द्र में रखे गए अभिलेखों, महिला हेल्पडेस्क रजिस्टर, शिकायत प्रबंधन प्रणाली, परामर्श रिकार्ड तथा अन्य सुरक्षा दस्तावेजों की गहन जांच करते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने केन्द्र पर तैनात महिला कर्मियों के साथ संवाद कर उनकी कार्यगत आवश्यकताओं, सुविधाओं तथा व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने मिशन शक्ति केन्द्र से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे महिला सुरक्षा, सम्मान एवं त्वरित सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें आवश्यक सहायता एवं परामर्श प्रदान करना तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है, जिसे और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय भूमिका ही समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्र के समुचित संचालन की निरंतर निगरानी रखने तथा सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।