संतकबीरनगर। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण को लेकर दिए गए बयान के बाद विवाद गहरा गया है। इस बयान पर हिंदू संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के सन्तकबीरनगर जिले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 6 दिसंबर को शौर्य दिवस और पराक्रम दिवस के रूप में मनाते हुए रैली निकाली। इस दौरान संगठनों के नेताओं ने बाबर के नाम पर मस्जिद निर्माण के विरोध का ऐलान किया।
रैली में बजरंग दल गोरक्ष प्रांत के जिला सह-संयोजक सौरभ जायसवाल ने हुमायूं कबीर के बयान को उत्तेजक बताया और उनके खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संगठन बाबर के नाम पर किसी भी धार्मिक स्थल के निर्माण का विरोध करेगा। जायसवाल ने कहा कि मुस्लिम समाज यदि किसी अन्य नाम पर मस्जिद बनाना चाहता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन बाबर को “आक्रांता” बताते हुए कहा कि उसके नाम पर मस्जिद का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह बयान सोशल मीडिया और स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन ने इस मामले पर सतर्कता बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है।
