शामली। थाना कैराना पुलिस द्वारा मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस क्रम में थाना कैराना पर नियुक्त एंटी रोमियो टीम क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और शिक्षण संस्थानों में पहुंची।
टीम के सदस्यों ने वहां उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को अपराधों से बचाव के उपायों, आत्मरक्षा के महत्व और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हेल्पलाइन सेवाओं जैसे 1090, 112, 181, और 1930 की जानकारी दी। अभियान के दौरान महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानियों या असुरक्षित परिस्थितियों में तुरंत शिकायत दर्ज कराने और पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
एंटी रोमियो टीम ने लोगों से अपील की कि वे समाज में महिला सम्मान और सुरक्षा के माहौल को बनाए रखने में सहयोग दें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें विभिन्न सुरक्षा माध्यमों के प्रति जागरूक करना है।