
नजमुल इस्लाम की दमदार वापसी भ्रष्टाचार पर प्रहार, विकास की नई शुरुआत”
रिपोर्ट सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। नगर पालिका परिषद कांधला के अध्यक्ष हाजी नजमुल इस्लाम की बीमारी से उबरकर शानदार वापसी ने पूरे नगर में उत्साह और उम्मीद की नई लहर दौड़ा दी है। शुक्रवार को जब वे पालिका कार्यालय पहुंचे, तो कर्मचारियों और पालिका सदस्यों ने फूल-मालाओं, जयकारों और गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। यह नजारा इस बात का प्रमाण था कि नजमुल इस्लाम का नेतृत्व आज भी जनता और टीम के बीच उतना ही प्रभावशाली और प्रेरणादायक है जितना पहले था।

स्वागत के बाद हुई अहम बैठक में नजमुल इस्लाम के तेवर पहले से कहीं ज्यादा सख्त और स्पष्ट नजर आए। उन्होंने दो टूक कहा —
“जिस नजमुल इस्लाम को आप पहले जानते थे, उन्हें भूल जाइए। अब काम करने का तरीका बदलेगा, और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।”
अध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी कि अब किसी भी तरह की लापरवाही, भ्रष्ट आचरण, जनहित के कार्यों में देरी, टेंडरों में धांधली या गुणवत्ता से समझौते को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ संकेत दिया कि ठेकेदारों की मनमानी, योजनाओं में अनियमितता और विकास कार्यों में कोताही अब अतीत की बात होगी।
नजमुल इस्लाम की वापसी के साथ ही कांधला में सुशासन और पारदर्शिता की नई नींव रखी जा रही है। उनका साफ-सुथरा विज़न, जवाबदेही की नीति और जनता के प्रति समर्पण इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में नगर में विकास कार्य तेज़ रफ्तार से होंगे और भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
नगरवासियों का कहना है कि नजमुल इस्लाम की यह सख्त और पारदर्शी कार्यशैली कांधला को स्वच्छ, सुरक्षित और विकासशील नगर का उदाहरण बनाएगी।
उनकी यह वापसी सिर्फ एक अध्यक्ष की कुर्सी पर लौटने की नहीं, बल्कि परिवर्तन, ईमानदार नेतृत्व और नए युग की शुरुआत है।