
पुलिस ने तोड़ी ‘ड्रोन गैंग’ की अफवाह, गांव-गांव में कर रही जागरूकता
रिपोर्ट सादिक सिद्दीक़ी
कांधला ड्रोन आया, ड्रोन आया! इन दिनों गांव देहात में यह अफवाह फैल रही है। क्षेत्र के कई गांव में तो लोगों में इतनी दहशत है कि रात में ड्रोन के डर से ग्रामीण पहरा देने के साथ अंजान युवकों को देखकर उनके साथ मारपीट की घटनाएं तक घटित होने लगी है। इसके विपरीत अब पुलिस गांव-गांव में चैपाल लगाकर लोगों को समझा रही है कि यह अफवाह हैं। ड्रोन जैसी कोई भी चीज आसमान में नहीं उड़ रही है और ना ही इस तरह से कोई निगरानी या रेकी की जा रही है।
शुक्रवार को पुलिस की एक टीम ने थाना क्षेत्र के गांव हुरमंजपुर में जाकर ग्रामीणों के साथ बैठक की और समझाया कि अफवाहों पर ध्यान ना दें। यह भी समझाया कि ड्रोन से कोई रेकी नहीं कर रहा है और ना ही यह चोरों का कोई गैंग है। गांव वालों का कहना है कि इन दिनों ड्रोन गैंग घूम रहा है। रात के अंधेरे में छतों पर ड्रोन उड़ाए जाते हैं और फिर रेकी की जाती है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि कहीं भी कोई ड्रोन नहीं उड़ रहा है लेकिन इन दिनों गांव देहात में अफवाह फैल रही है कि रात में गांवों के ऊपर से ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अफवाहों से दूर रहें। चेताया कि अगर कोई भी व्यक्ति ड्रोन उड़ने की अफवाह फैलाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति इस तरह की अफवाह फैलाता है या कोई ऐसी कोई भी घटना किसी को पता चलती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। ऐसा करके भी अफवाहों पर विराम लगाया जा सकता है। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेगी और बताएगी कि कहीं भी कोई ड्रोन नहीं है। इस दौरान मौके पर सैकडों ग्रामीणों के साथ गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे।