नगरपालिका अध्यक्ष हाजी नजमूल इस्लाम सड़क हादसे से उबर कर स्वस्थ अवस्था में लौटेंगे बुधवार को कांधला, नगर में उत्साह का माहौल
संवाददाता सादिक सिद्दीकी
कांधला नगर पालिका अध्यक्ष हाजी नजमूल इस्लाम लगभग तीन महीने पूर्व एक भयानक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे, जिसमें उन्हें गंभीर शारीरिक चोटें आई थीं। यह हादसा उस समय हुआ जब वह किसी निजी कार्य से बाहर गए हुए थे। एक्सीडेंट के दौरान उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उन्हें तत्काल शामली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया था। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि हाजी साहब के दोनों हाथों में फ्रैक्चर है, साथ ही रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) में भी गहरी चोट आई थी। डॉक्टरों ने उन्हें लंबे समय तक बेड रेस्ट की सलाह दी थी और उपचार की प्रक्रिया भी जटिल रही। परिवार व शुभचिंतकों की दुआओं, डॉक्टरी देखरेख और ईश्वर की कृपा से अब उनकी हालत में निरंतर सुधार हुआ।अस्पताल प्रबंधन द्वारा हाल ही में उन्हें पूर्णतः स्वस्थ घोषित करते हुए डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब वे बुधवार को अपने नगर कांधला लौट रहे हैं। यह खबर जैसे ही नगरवासियों तक पहुँची, नगर में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई। उनके चाहने वालों, समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पार्षदों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।नगर में विभिन्न सामाजिक संगठनों और पार्षदों द्वारा उनके स्वागत की तैयारियाँ जोरों पर हैं। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, कुछ स्थानों पर पुष्प वर्षा की योजना है तो कहीं स्वागत समारोह की रूपरेखा तैयार की जा रही है।नगरपालिका परिवार भी उनके आगमन को लेकर सक्रिय है। नगर में यह चर्चा तेज़ है कि हाजी नजमूल इस्लाम के लौटने के बाद नगरपालिका के कार्यों में फिर से गति आएगी, और जो योजनाएं उनके इलाज के कारण रुकी हुई थीं, उन्हें अब आगे बढ़ाया जाएगा।
हाजी साहब के स्वस्थ होकर लौटने को नगरवासियों ने बताया ईश्वर की विशेष कृपा
नगरवासियों का कहना है कि हाजी नजमूल इस्लाम केवल एक जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि जनसेवा की भावना से कार्य करने वाले नेता हैं। उनके कुशल नेतृत्व में कांधला नगर ने कई विकास कार्यों की दिशा में कदम बढ़ाया है। उनके जल्दी स्वस्थ होकर लौटने को लोग ईश्वर की विशेष कृपा मान रहे हैं।
कांधला नगर तैयार, हाजी साहब के स्वागत को बेकरार
कांधला की गलियों में रौनक लौट आई है। नगर की आवोहवा में उत्साह साफ महसूस किया जा सकता है। बुधवार को हाजी नजमूल इस्लाम का कांधला आगमन एक भावनात्मक क्षण होगा, जो न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे नगर के लिए खुशी का अवसर है।
उनकी वापसी से न सिर्फ राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि जनता का भरोसा और उत्साह भी नए सिरे से जागृत होगा।