
शराब के नशे में विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, 7 लोग घायल
रिपोर्ट सादिक सिद्दीक़ी..
कांधला,थाना क्षेत्र के गांव जसाला में रविवार रात शराब के नशे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुए इस संघर्ष में महिला सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि कुछ ही घंटे बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से थाने में समझौता पत्र दाखिल कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ओमवीर और लोकेन्द्र पड़ोसी हैं। रविवार रात लोकेन्द्र अपने परिवार के साथ मुज़फ्फरनगर के शाहपुर कस्बे से गांव लौटा था। रास्ते में उसने ओमवीर पक्ष के युवक अंकित को शराब के नशे में देखा और इसकी जानकारी परिजनों को दी। इस पर विवाद बढ़ गया और नशे में धुत अंकित ने लोकेंद्र के घर जाकर गाली-गलौज शुरू कर दी।कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर टूट पड़े। महिलाओं ने भी एक-दूसरे पर पथराव किया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस संघर्ष में ओमवीर, अंकित, विक्की, रोहित, मोहित (ओमवीर पक्ष) व लोकेंद्र, शिवम् (लोकेंद्र पक्ष) गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को उपचार के लिए कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
(कांधला थाना प्रभारी)
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी थी, लेकिन बाद में आपसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया और लिखित रूप से समझौता पत्र थाने में जमा कर दिया गया है।