
अफवाह बनी आफत चोर समझ युवक क़ो पीटा निकला मरीज का तीमारदार
रिपोर्ट: सादिक सिद्दीकी,
कांधला पिछले कई दिनों से चोरों के खौफ के चलते अब निर्दोष लोग ग्रामीणों का शिकार बन रहे है। पुलिस के द्वारा बार – बार चेतावनी के बाद भी लोगों में दहशत कम होने का नाम नही ले रही है, जिसका खामियाजा निदोषों को भुगतना पड रहा है।

कस्बे के मोहल्ला इदरीस बेग बिहार कॉलोनी में रविवार देर शाम एक युवक को चोर समझकर लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और हंगामा कर रहे कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
घटना कांधला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान गांव दुर्गनपुर खेड़ा निवासी मोनू के रूप में हुई है। मोनू ने बताया कि वह अपनी भाभी माया को प्रसव पीड़ा के चलते कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आया था। इसी दौरान जब वह अस्पताल से बाहर चाय लेने गया तो मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे चोर समझ लिया और पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
बचाव के लिए मोनू अस्पताल में ही भागकर घुसा और वहां मौजूद स्टाफ की मदद से अपनी जान बचाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर भीड़ में हड़कंप मच गया और कई लोग भागने लगे। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अफवाहों और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।