
कैराना, शामली। यमुना नदी में एक अधेड़ महिला के डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने महिला के आत्महत्या करने की आशंका जताई है। अभी तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
घटना गुरुवार दोपहर करीब दो बजे यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी के पास घटी। माना जा रहा है कि महिला पहले ब्रिज के निकट एक खोखे पर कोल्डड्रिंक पी रही थी, जिसके बाद अचानक उसने नदी में छलांग लगा दी। कांवड़ यात्रा के दौरान ब्रिज पर तैनात पीएसी के गोताखोरों ने महिला को अचेत अवस्था में नदी से निकाला और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक महिला की उम्र लगभग 56 वर्ष बताई जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्राथमिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस मृतका की पहचान करने के लिए जाँच कर रही है और संबंधित कार्रवाई की जा रही है।