IMG-20250716-WA0043

 

कैराना/सहारनपुर: समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद और कैराना लोकसभा सीट से निर्वाचित इकरा हसन ने सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र में आयोजित एक कांवड़ सेवा शिविर में शिवभक्तों को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान उन्होंने भगवा रंग का पटका धारण किया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से हो रही है।

शिविर में पहुंचने पर संचालकों ने इकरा हसन का भगवा पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों को अपने हाथों से प्रसाद बांटा। इस मौके पर उन्होंने कहा, “मुझे आपके बीच आने का मौका मिला, मैं आप सभी का दिल से धन्यवाद करती हूं। हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। हमारी साझी संस्कृति प्यार और अमन के साथ आगे बढ़े।”

इकरा हसन ने प्रदेश सरकार द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की। उनके इस कदम को लेकर सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, जहां कुछ लोग इसे सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश मान रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक रणनीति बता रहे हैं।

उनके समर्थकों का कहना है कि यह शिविर उनके कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित किया गया था और इकरा हसन का यह कदम सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला है। वहीं, विरोधियों का आरोप है कि यह हिंदू वोट बैंक को लुभाने की कोशिश है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इकरा हसन को भगवा पटके के साथ प्रसाद बांटते हुए देखा जा सकता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!