
चाय की चुस्कियों के बीच चोरी हुई स्प्लेंडर, चार दिन बाद पुलिस ने खोज निकाली
* जैन नर्सरी के सामने चाय पीने गए युवक की स्प्लेंडर ले उड़े थे चोर, कांधला पुलिस ने कब्रिस्तान के पीछे से की बरामद
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जैन नर्सरी के सामने से चार दिन पूर्व चोरी हुई स्प्लेंडर बाइक को कांधला पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने बाइक को इदरीश बैग बिहार स्थित कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों से बरामद किया। बाइक मिलने पर पीड़ित युवक ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस का आभार जताया। कस्बे के रेलवे मार्ग निवासी हाजी मकसूद का पुत्र आदिल चार दिन पूर्व रात के समय अपनी स्प्लेंडर बाइक से जैन नर्सरी के सामने चाय पीने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर उसकी बाइक पर हाथ साफ कर फरार हो गए। चाय पीकर वापस लौटे आदिल को जब बाइक गायब मिली तो उसके होश उड़ गए। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर बाइक बरामद करने की गुहार लगाई थी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने बाइक की तलाश शुरू कर दी। चार दिन की तलाश के बाद पुलिस को सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने इदरीश बैग बिहार स्थित कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों से चोरी हुई बाइक बरामद कर ली। बाइक बरामद होने की सूचना मिलते ही पीड़ित आदिल ने खुशी जाहिर करते हुए कांधला पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि बाइक चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम को उसकी तलाश में लगाया गया था। पुलिस ने चोरी हुई बाइक बरामद कर ली है।