भैंसा बुग्गी से टकराई बाइक, दो युवक गंभीर घायल; एक जिला अस्पताल रेफर

 

* बुआ के घर जा रहे युवकों के साथ रास्ते में हुआ हादसा, ग्रामीणों की सूचना पर दौड़ी 108 एंबुलेंस, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भभीसा के निकट बाइक और भैंसा बुग्गी के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान निवासी इलियास का पुत्र सुहेल अपने साथी साजिद के पुत्र आदिल के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना में अपनी बुआ के घर जा रहा था। दोनों युवक जब गांव भभीसा के निकट पहुंचे, तभी उनकी बाइक की भैंसा बुग्गी से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर एंबुलेंस चालक दिलशाद अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों का प्राथमिक उपचार किया। सुहेल की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल सुहेल के भाई कासिम ने बताया कि उसका भाई अपने साथी आदिल के साथ बाइक से बुढ़ाना में अपनी बुआ के घर जा रहा था। इसी दौरान गांव भभीसा के निकट बाइक और भैंसा बुग्गी की टक्कर में दोनों घायल हो गए।

उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी तक घायलों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!