
तीन विद्युत पोलों से तार काट ले गए चोर, किसानों के नलकूपों की बिजली गुल
* तीन विद्युत पोलों से तार काटकर ले गए चोर, किसानों के नलकूपों की बिजली ठप; पुलिस ने शुरू की तलाश
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली में चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए तीन विद्युत पोलों से करीब 90 मीटर बिजली का तार काटकर चोरी कर लिया। तार चोरी होने से किसानों के खेतों में लगे नलकूपों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह किसान जब अपने खेतों पर पहुंचे तो विद्युत लाइन के तार गायब देखकर उनके होश उड़ गए। किसानों ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही अवर अभियंता राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
अवर अभियंता ने डायल-112 पुलिस को भी घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। बताया गया कि गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र से किसानों के नलकूपों को बिजली आपूर्ति की जाती है। चोरों ने रात के अंधेरे में तीन विद्युत पोलों से तार काटकर वारदात को अंजाम दिया।
विद्युत विभाग ने मामले में कांधला थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।