
सड़क पर दौड़ रही थी नेताओं के फोटो वाली शिफ्ट कार, पुलिस ने पकड़कर की सीज
* नेताओं की तस्वीरों वाली लाल शिफ्ट कार पर पुलिस का डंडा, शिकायत मिलते ही सीज; कांधला में दिनभर होती रही चर्चा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे की सड़कों पर घूम रही लाल रंग की शिफ्ट कार उस समय चर्चा में आ गई, जब कार पर भाजपा नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें लगी होने की जानकारी सामने आई। वाहन को लेकर शिकायत पुलिस तक पहुंची तो कांधला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार को पकड़ लिया और सीज कर दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद कस्बे में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
बताया गया कि लाल रंग की शिफ्ट कार के पिछले हिस्से पर शामली के दो भाजपा नेताओं के फोटो लगे हुए थे। इसके अलावा कार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र भी लगाए गए थे। नेताओं की तस्वीरों से सजी यह कार कस्बे में लोगों का ध्यान खींच रही थी। इसी बीच वाहन को लेकर पुलिस को शिकायत मिली, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन को अपने कब्जे में लिया। जांच-पड़ताल के बाद कार को सीज कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालक के साथ-साथ आसपास मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई। कार के सीज होने की खबर देखते ही देखते कस्बे में फैल गई और लोग मामले को लेकर चर्चा करते नजर आए।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर वाहन की जांच की गई थी। वाहन को सीज कर दिया गया है। कार से संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लाल रंग की शिफ्ट कार पर नेताओं के फोटो लगे होने से मामला पहले ही लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद इसकी चर्चा और तेज हो गई। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई को शिकायत और वाहन से जुड़े नियमों के आधार पर बताया है। अब पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि वाहन के संबंध में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
फिलहाल कार पुलिस के कब्जे में है और मामले की जांच जारी है। कस्बे में लाल शिफ्ट कार, उस पर लगी नेताओं की तस्वीरें और फिर पुलिस की कार्रवाई तीनों ने मिलकर पूरे मामले को दिनभर सुर्खियों में बनाए रखा।