
किसान यूनियन में बड़ा फेरबदल, सुबोध पंवार को मिली शामली की कमान
* अमित पवार बने ऐलम नगर अध्यक्ष, सैकड़ों किसान-मजदूरों की मौजूदगी में हुआ नियुक्ति कार्यक्रम
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला ऐलम। अंतरराष्ट्रीय किसान यूनियन की संगठनात्मक बैठक एवं नियुक्ति कार्यक्रम कस्बा ऐलम में सुबोध पंवार के आवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसानों एवं मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने को लेकर मंथन किया गया। कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय संयोजक चौधरी रवि पंवार एवं राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनोद तोमर के सानिध्य में संपन्न हुआ।
बैठक के दौरान संगठन की ओर से सुबोध कुमार पंवार को जनपद शामली का जिला अध्यक्ष तथा अमित पवार को ऐलम नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। घोषणा होते ही मौजूद कार्यकर्ताओं एवं किसान-मजदूरों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि किसान और मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक किसानों और मजदूरों को संगठन से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के आसपास के गांवों और कस्बों से सैकड़ों किसान-मजदूर पहुंचे। किसानों ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान किसान-मजदूरों के अधिकारों, समस्याओं और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी बदलू सिंह ने की, जबकि संचालन अंतरराष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र सिंह पंवार ने किया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र सिंह पवार, राष्ट्रीय संगठन महासचिव चौधरी संजीव डांगी, राष्ट्रीय महासचिव डीएस रावत, राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार, मेरठ जिला अध्यक्ष प्रदीप फौजी, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी धर्मेंद्र एडवोकेट, युवा जिला अध्यक्ष बागपत कमलदीप तोमर, शामली जिलाध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ चौधरी सनी निर्वाल एडवोकेट सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा ऐलम चेयरमैन पति अश्वनी पवार, बालकिशन, संगीता चौधरी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुबोध कुमार पंवार एवं नगर अध्यक्ष अमित पवार ने संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार जताया। दोनों ने भरोसा दिलाया कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए किसान-मजदूरों की आवाज को बुलंद करेंगे।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को शामली जनपद के गांव-गांव तक मजबूत करना और किसानों-मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।