
टक्कर मारी, विरोध किया तो साथियों को बुलाकर युवक को पीट डाला
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। बाइक की टक्कर का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने अपने तीन साथियों को बुलाकर पीड़ित को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में युवक घायल हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला खेल निवासी मोहम्मद उमर के अनुसार, वह अपनी मां के यहां रिश्तेदारी में आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपनी बाइक से मोबाइल ठीक कराने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उमर सड़क पर गिर गया।
उमर का आरोप है कि उसने बाइक की टक्कर का विरोध करते हुए युवक से संभलकर बाइक चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने फोन कर अपने तीन साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में चार युवक वहां पहुंच गए और उमर को घेरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि चारों युवकों ने उमर के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान मौके पर शोर-शराबा बढ़ने और लोगों के जुटने पर आरोपी युवक अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।