
बिना आंधी-तूफान के अचानक गिरा पेड़, टला बड़ा हादसा
* कांधला-शामली मार्ग पर घंटों बाधित रहा यातायात, लोगों ने खुद संभाला मोर्चा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के पूर्वी यमुना नहर मार्ग पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिना किसी तेज हवा या आंधी-तूफान के अचानक एक विशाल पेड़ टूटकर सड़क के बीचों-बीच गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की आवाजाही रुक गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सड़क से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।यह मार्ग कांधला को शामली सहित दर्जनों गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां दिनभर भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। अचानक पेड़ गिरने से लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
स्थानीय निवासी साबिर ने बताया कि घटना के समय न तो तेज हवा चल रही थी और न ही कोई आंधी-तूफान था। इसके बावजूद पेड़ अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। उनका कहना है कि यदि उसी समय कोई बाइक सवार, कार या अन्य वाहन वहां से गुजर रहा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ की डालियों और तनों को हटाने का प्रयास किया। लोगों ने सड़क के किनारे से अस्थायी रास्ता बनाकर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कराई, जिससे यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े जर्जर एवं सूखे पेड़ों का सर्वे कराया जाए और समय रहते उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से किसी की जान जोखिम में न पड़े।