बच्चों पर टूट पड़े बंदर, 9 वर्षीय छात्र घायल कार्रवाई की मांग

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है खेल रहे 9 वर्षीय मासूम माहिल पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में बच्चे के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। घायल बच्चे को परिजन तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शेखजादगान निवासी इरफान का 9 वर्षीय पुत्र माहिल, जो कक्षा-2 का छात्र है, अपने साथियों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड वहां पहुंच गया और बच्चों पर हमला कर दिया। बंदरों को देखकर बच्चों में भगदड़ मच गई। इस अफरा-तफरी के बीच माहिल के सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बंदरों को भगाकर बच्चे को बचाया।

घायल बच्चे के परिजन भूरा ने बताया कि अगर समय रहते लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिजन तुरंत बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। चिकित्सकों ने बच्चे की हालत सामान्य बताते हुए उसे घर भेज दिया और लोगों को बंदरों से सतर्क रहने की सलाह दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में बंदरों का आतंक अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। आए दिन राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर बंदरों के हमले हो रहे हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ लेता है।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और वन विभाग से बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

error: Content is protected !!