
आग की लपटों में घिरी मंडी, ट्रॉला और करेटें जलकर राख
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कैराना मार्ग स्थित कांधला सब्जी मंडी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लास्टिक की करेटों से भरे एक ट्रॉले में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने ऐसा विकराल रूप ले लिया कि पूरे मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर धुएं का गुबार और आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। व्यापारी अपनी दुकानों और सामान को बचाने के लिए दौड़ पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने बाल्टियों और अन्य संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन प्लास्टिक में लगी आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते कस्बा निवासी शहजाद का ट्रॉला पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि सभासद जावेद खान की बड़ी संख्या में प्लास्टिक की करेट भी आग की भेंट चढ़ गईं।
सभासद जावेद खान का दावा है कि इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे आग ने और भी भयानक रूप ले लिया। उन्होंने पुलिस पर भी आग बुझाने में प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और सरकार व प्रशासन से नुकसान की भरपाई की मांग की।
वहीं, मौके पर मौजूद दरोगा रामकिशन ने अलग जानकारी देते हुए कहा कि आग एक पुराने ट्रॉले में रखी लगभग 10 से 15 प्लास्टिक की करेटों में लगी थी और नुकसान उतना बड़ा नहीं है, जितना बताया जा रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर नुकसान सीमित था, तो लाखों के नुकसान का दावा क्यों किया जा रहा है? और यदि नुकसान वास्तव में लाखों का है, तो दमकल समय पर क्यों नहीं पहुंची? इन सवालों ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है।
फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। आग शॉर्ट सर्किट, लापरवाही या किसी अन्य वजह से लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मंडी के व्यापारियों में भारी नाराजगी है और वे इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।