
डीएम के दरबार में गूंजी किसानों की आवाज, भाकियू ने सौंपा मांग पत्र
* किसान दिवस पर भाकियू का बड़ा प्रहार! डीएम के सामने खोली कांधला की बदहाली की पूरी फाइल,
सादिक सिद्दीक़ी,
कांधला/शामली।
शामली कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में जिलेभर से पहुंचे किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कांधला ब्लॉक अध्यक्ष विकास चौहान एवं नगर अध्यक्ष रहीस पठान के नेतृत्व में जिलाधिकारी को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें कांधला नगर की विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
भाकियू नेताओं ने मांग पत्र के माध्यम से कहा कि दिल्ली बस स्टैंड स्थित एनएच-709बी पर करीब तीन माह पूर्व क्षतिग्रस्त हुई हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट और पुलिस विभाग के सीसीटीवी कैमरे आज तक ठीक नहीं कराए गए हैं। वहीं हाईवे किनारे बने नालों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण बरसात में जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए बड़ी नहर से रेलवे फाटक तक सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा वार्ड-17 स्थित खसरा संख्या 26/26 की तालाब भूमि पर कथित फर्जी बैनामों के माध्यम से अवैध कब्जा कर बिक्री किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। नगर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था, बढ़ते अतिक्रमण, जगह-जगह फैली गंदगी तथा दिन-रात जल रही स्ट्रीट लाइटों से हो रही बिजली की बर्बादी का मुद्दा भी जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखा गया।
किसान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष विकास चौहान का बयान
भाकियू (टिकैत) के ब्लॉक अध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याएं लंबे समय से प्रशासन के सामने रखी जा रही हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही। किसान दिवस पर सौंपा गया यह मांग पत्र किसानों की आवाज है। यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं किया तो भारतीय किसान यूनियन किसानों के हितों की रक्षा के लिए बड़ा आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
नगर अध्यक्ष रहीस पठान का बयान
भाकियू नगर अध्यक्ष रहीस पठान ने कहा कि कांधला नगर में टूटी स्ट्रीट लाइटें, जलभराव, गंदगी, अतिक्रमण और तालाब की भूमि से जुड़े मामले जनता के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। किसान दिवस पर जिलाधिकारी को सभी समस्याओं के समाधान हेतु मांग पत्र सौंपा गया है।