
व्यापारियों की आवाज़ को मिलेगी नई ताकत, सचिन गोयल को प्रदेश कार्यकारिणी में बड़ी जिम्मेदारी
* अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल में हुए शामिल, प्रदेश कार्यकारिणी में मिलेगी अहम जिम्मेदारी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला/मुज़फ्फरनगर। व्यापार जगत से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। कांधला के वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं एडवोकेट सचिन गोयल ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से इस्तीफा देकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण कर ली है। मुज़फ्फरनगर स्थित श्रवण बैंक्वेट हॉल में आयोजित पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय बैठक के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनकी सक्रिय कार्यशैली और व्यापारियों के हितों के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की घोषणा की।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद सचिन गोयल एडवोकेट ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने और उनके प्रभावी समाधान के लिए एक मजबूत संगठन की आवश्यकता थी। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के मंच से व्यापारियों की आवाज़ और अधिक प्रभावशाली ढंग से सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री संदीप बंसल ने बताया कि संगठन वर्तमान में देश के 14 राज्यों में सक्रिय रूप से व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने सचिन गोयल की संगठन के प्रति निष्ठा, सक्रियता और व्यापारियों के हित में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी में औपचारिक रूप से महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा जाएगा।
बैठक में व्यापारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। ई-कॉमर्स कंपनियों से पारंपरिक व्यापार की सुरक्षा, जीएसटी की जटिलताओं का समाधान, व्यापारियों की सुरक्षा, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा, स्वदेशी विचार मंच को मजबूत करने तथा व्यापार में व्याप्त भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर मंथन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने इन सभी मुद्दों पर एकजुट होकर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपिन कंसल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अस्मिता जायसवाल सहित प्रदेश एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक पदाधिकारी और व्यापारी नेता मौजूद रहे। कांधला से मयंक जैन, वरुण जैन, वितुल जैन, जितेंद्र सैनी, संजीव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों ने बैठक में भाग लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।