पूर्वी यमुना नहर के पास सरेआम मारपीट! कई युवकों ने युवक पर बोला हमला, VIDEO वायरल

 

* सुबह-सुबह सड़क बनी अखाड़ा, सरेआम लात-घूंसों से बरसे हमलावर, राहगीरों में मची अफरा-तफरी, लोगों ने बचाई युवक की जान

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज घटना बुधवार सुबह सामने आई। पूर्वी यमुना नहर के पास कुछ युवकों ने एक युवक को बीच सड़क पर घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे कस्बे में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे की है। बताया जाता है कि युवक अपने काम से जा रहा था, तभी कई युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला मारपीट में बदल गया। कुछ ही पलों में हमलावर युवक उस पर लात-घूंसों की बारिश करने लगे। अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद राहगीरों में दहशत फैल गई।

घटना के दौरान सड़क पर गुजर रहे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और पीड़ित युवक को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया। लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और मारपीट करने वाले सभी युवक मौके से फरार हो गए।

इस पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग दिनदहाड़े खुलेआम हुई इस घटना को कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग मारपीट के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही काफी रहती है। ऐसे में बीच सड़क पर हुई इस घटना ने आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बीच-बचाव नहीं होता, तो घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है। वायरल वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं और सोशल मीडिया पर लगातार साझा किया जा रहा है। लोग प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!