
बजट की आस, विकास की तलाश! लखनऊ में मंत्री से चेयरमैन नजमूल. इस्लाम की अहम मुलाकात
* लखनऊ में कांधला के विकास को लेकर बड़ी पहल! नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से चेयरमैन की अहम मुलाकात, बजट, जनसमस्याओं और विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
सादिक सिद्दीक़ी .
लखनऊ/कांधला।
कांधला नगर के विकास को नई दिशा देने और लंबे समय से लंबित जनहित के कार्यों को गति दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका चेयरमैन नजमूल इस्लाम ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात नगर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें कांधला की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों की प्रगति, वित्तीय आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान चेयरमैन ने मंत्री के समक्ष नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका सीमित संसाधनों और वित्तीय चुनौतियों के बीच कार्य कर रही है, जिसके कारण कई आवश्यक विकास परियोजनाओं को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। ऐसे में शासन स्तर से अतिरिक्त बजट, वित्तीय स्वीकृतियां और प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता है, ताकि जनता से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा कराया जा सके।
मुलाकात में नगर की सड़कें, नालियां, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, अधूरी विकास परियोजनाएं, नई योजनाओं की स्वीकृति तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर गंभीरता से चर्चा की गई। साथ ही नगर के समग्र विकास के लिए भविष्य की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।
चेयरमैन ने मंत्री से अनुरोध किया कि कांधला के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक वित्तीय सहायता और बजट उपलब्ध कराया जाए, जिससे नगर में रुके हुए विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और जनहित से जुड़े कार्यों में प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहयोग तथा आवश्यक प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से संबंधित मामलों पर नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुलाकात के बाद चेयरमैन ने कहा कि नगर पालिका के पास संसाधन सीमित अवश्य हैं, लेकिन जनता की सेवा और कांधला के विकास के संकल्प में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर लगातार प्रयास इसलिए किए जा रहे हैं ताकि नगर को अधिक से अधिक वित्तीय सहायता मिल सके और विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
अब कांधला के लोगों की निगाहें इस मुलाकात के परिणामों पर टिकी हैं। यदि शासन स्तर से अपेक्षित बजट और प्रशासनिक स्वीकृतियां प्राप्त होती हैं, तो नगर में लंबे समय से लंबित कई जनहित परियोजनाओं को नई गति मिलने की संभावना है। नगरवासियों को उम्मीद है कि यह मुलाकात आने वाले समय में कांधला के विकास के लिए सकारात्मक साबित होगी।