बुलेट के लिए बढ़ी बेरहमी! दहेज उत्पीड़न का मामला पहुंचा थाने

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, जब पीड़िता की मां और भाई उसे देखने और समझाने के लिए ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी कथित रूप से मारपीट कर दी गई। घटना में पीड़िता की मां घायल हो गई, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागपत जनपद के गांव गेडबरा निवासी आसमा का विवाह लगभग दस वर्ष पूर्व कांधला थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी युवक से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की अतिरिक्त मांगें की जाने लगीं। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। कई बार परिवार के लोगों ने समझौते का प्रयास भी किया, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं आया।

पीड़िता के अनुसार, मंगलवार को एक बार फिर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके पति और अन्य ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां गप्पफारी और भाई तालिब ससुराल पहुंचे ताकि बेटी का हालचाल जान सकें और विवाद शांत करा सकें। लेकिन आरोप है कि वहां उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई। इस दौरान पीड़िता की मां को चोटें आईं।

घटना के बाद पीड़िता अपनी मां और भाई के साथ थाना कांधला पहुंची, जहां उसने पूरे घटनाक्रम की लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का कहना है कि उसे न्याय दिलाया जाए और दहेज के नाम पर हो रहे उत्पीड़न पर सख्त कार्रवाई की जाए।

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी

error: Content is protected !!