घर में घुसकर दुष्कर्म का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, लंबे समय से था फरार

 

* महिलाओं के खिलाफ अपराध पर कांधला पुलिस का बड़ा एक्शन, वांछित आरोपी गिरफ्तार

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला, महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर शिकंजा कसते हुए कांधला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कांधला थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म की गंभीर वारदात हुई थी। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना कांधला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कांधला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पुत्र स्वर्गीय प्रमोद कुमार, निवासी मोहल्ला गुजरान, ग्राम गंगेरू, थाना कांधला, जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस गिरफ्तारी अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल कुलदीप सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

error: Content is protected !!