
रामजीलाल कश्यप ने हर्ष सैनी की सराहना, बोले जनसेवा का सफर रहेगा जारी
* पूर्व चेयरमैन नरेश सैनी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे हर्ष सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप का भव्य स्वागत
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के मोहल्ला खैल स्थित पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय नरेश सैनी के आवास पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान हर्ष सैनी व उनकी टीम ने जिलाध्यक्ष को फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप ने कहा कि स्वर्गीय नरेश सैनी ने अपने कार्यकाल में जनसेवा और विकास की जो मिसाल कायम की, उसे क्षेत्र की जनता आज भी याद करती है। उन्होंने कहा कि भले ही नरेश सैनी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके भतीजे हर्ष सैनी उसी सोच और सेवा भावना के साथ जनता के बीच सक्रिय होकर अधूरे कार्यों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हर्ष सैनी ने कहा कि उनका संकल्प कस्बे के सभी वर्गों और दोनों समाजों को साथ लेकर विकास की नई इबारत लिखने का है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति की सेवा करना ही उनकी प्राथमिकता है और वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
हर्ष सैनी ने कहा कि स्वर्गीय नरेश सैनी ने जिस विकासशील और समरस कांधला का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। उन्होंने सभी लोगों से भाईचारा बनाए रखने और कस्बे के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास, सामाजिक सौहार्द और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय नरेश सैनी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए भाजपा नेतृत्व के प्रति अपना विश्वास और समर्थन व्यक्त किया। पूरे समारोह में उत्साह का माहौल देखने को मिला।