दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से हैवानियत का आरोप, पति समेत छह पर मुकदमा

 

 

 

कांधला। अतिरिक्त दहेज में फॉर्च्यूनर कार की कथित मांग ने एक विवाहिता की जिंदगी में तूफान ला दिया। थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील निवासी विवाहिता की शिकायत पर महिला थाना कैराना पुलिस ने पति, सास-ससुर, देवर तथा दो अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सोनिया ने तहरीर में बताया कि उसका विवाह 9 दिसंबर 2023 को हरियाणा के करनाल जनपद के गांव कोहंड निवासी शुभम के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज में फॉर्च्यूनर कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया जाता रहा।

विवाहिता का आरोप है कि मार्च 2025 में उसकी जान लेने की कोशिश की गई और अगले ही दिन मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही है। कई बार समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आरोप है कि इस दौरान उसके पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।

महिला थाना कैराना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर, देवर तथा दो अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!