बाइक के सामने कुत्ता आने से दो युवक गंभीर घायल

 

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली के निकट रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक के सामने अचानक एक आवारा कुत्ता आ जाने से चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क पर फिसल गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांधला निवासी रजनीश अपने एक साथी के साथ बाइक से शामली से कांधला लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव खंद्रावली के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर दौड़कर बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट कमल कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों में एक युवक की हालत अधिक गंभीर है, जिसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।

error: Content is protected !!