देवर की गंदी नीयत का आरोप, दहेज की आग में झुलसी विवाहिता! सात ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज

 

पत्रकार सादिक

 

कांधला। कांधला की एक विवाहिता ने अपने पति, देवर, जेठ, सास समेत सात ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता इशरत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2021 में उसका निकाह हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।

विवाहिता का आरोप है कि उसका देवर कासिम लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता था। तहरीर के अनुसार, 2 मई 2026 को घर में अकेला पाकर देवर ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।

पीड़िता का कहना है कि शोर सुनकर पहुंचे पति, सास, जेठ और अन्य परिजनों ने भी उसका साथ देने के बजाय उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास भी किया गया। इतना ही नहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।

महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, देवर, जेठ, सास समेत सात ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!